हल्द्वानी में मंच के ‘शुद्धिकरण’ पर सियासी घमासान, राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर से भड़की कांग्रेस

न्यूज़म ब्यूरो

देहरादून, 1 सितंबर।

उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में हुई सभा के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस अब इस मामले को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी में है। पार्टी मंगलवार को एक बार फिर प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण के मामले में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर का भी विरोध कर रही है। पार्टी ने सितंबर के पहले सप्ताह में देहरादून में बड़ा विरोध प्रदर्शन करने और सचिवालय का घेराव करने का ऐलान किया है।

देशभर में प्रदर्शन करने की तैयारी में कांग्रेस

कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि पार्टी राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में देशभर में राज्य स्तरीय विरोध मार्च निकालेगी। कांग्रेस की मांग है कि हल्द्वानी में कथित ‘जातिवादी शुद्धिकरण’ करने वाले बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाए।

सैयद नसीर हुसैन ने बीजेपी सरकारों पर ‘दलित विरोधी, अल्पसंख्यक विरोधी और संविधान विरोधी एजेंडा’ आगे बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे किसी भी एजेंडे का विरोध करेगी। हुसैन ने आरएसएस पर भी छुआछूत और जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देने वाली सोच रखने का आरोप लगाया।

Advertisement

राहुल गांधी पर हल्द्वानी में क्यों हुई एफआईआर?

हल्द्वानी सिटी कोतवाली पुलिस ने एक शिकायत के आधार पर राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायत हल्द्वानी के जवाहर नगर कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय अमित कुमार ने की है। अमित कुमार वाल्मीकि समुदाय से हैं और श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के पदाधिकारी बताए गए हैं।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि राहुल गांधी की ‘शुद्धिकरण’ को लेकर की गई टिप्पणी से अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। एफआईआर में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम, 1989 की धारा 3(1)(r) और 3(1)(u) लगाई गई हैं। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 196 और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 199 का भी जिक्र है।

देहरादून में कांग्रेस की बड़े प्रदर्शन की तैयारी

हल्द्वानी विवाद को लेकर कांग्रेस हाईकमान भी सक्रिय है। पार्टी ने सितंबर के पहले सप्ताह में देहरादून में बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में सचिवालय का घेराव किया जाएगा। इसमें कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पार्टी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा के भी शामिल होने की बात सामने आई है।

कांग्रेस का कहना है कि प्रदर्शन का मुद्दा सिर्फ हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण नहीं, बल्कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर भी है।

सीएम धामी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे विवाद को लेकर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। खटीमा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री एक स्थानीय दुकान पर आम लोगों के साथ बैठकर चाय पीते नजर आए। उन्होंने डिस्पोजेबल कप में चाय पीते हुए राहुल गांधी के जाति संबंधी बयानों पर निशाना साधा।

धामी ने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ बैठकर चाय पीने के दौरान उन्हें चाय का स्वाद और लोगों का अपनापन महसूस हुआ, लेकिन कहीं कोई जाति नजर नहीं आई। उन्होंने राहुल गांधी के चाय के कप में भी जाति और भेदभाव तलाशने वाले बयान को संकीर्ण राजनीति की पराकाष्ठा बताया।

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, ‘कप डिस्पोजेबल हो सकता है, लेकिन सोच इतनी डिस्पोजेबल नहीं होनी चाहिए कि चाय में भी जाति और राजनीति ढूंढी जाए।’

धामी ने कहा, युवराज को सबूत देना चाहिए

बनबसा में शुद्धिकरण विवाद पर भी मुख्यमंत्री धामी ने राहुल गांधी पर हमला बोला। धामी ने कहा कि कांग्रेस के सर्वोच्च नेता और ‘युवराज’ को इसके सबूत देने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को गलत फीडबैक दिया जाता है और वे तथ्यों की जांच किए बिना वोट पाने के लिए बयान जारी कर देते हैं।

धामी ने कहा कि देवभूमि की पवित्र संस्कृति में सभी लोग मिल-जुलकर और आपसी स्नेह के साथ रहते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर सनातन और हिंदू समाज को कमजोर करने के लिए लगातार इस तरह के बयान देने का आरोप लगाया।

हल्द्वानी में खरगे की सभा के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण से शुरू हुआ विवाद अब राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर और जाति की राजनीति तक पहुंच गया है। मंगलवार के प्रदर्शन और सितंबर के पहले सप्ताह में देहरादून में प्रस्तावित सचिवालय घेराव के साथ इस विवाद के और बढ़ने की संभावना है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh